लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में ज्वैलरी शॉप से जेवर चोरी करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ अदालत से गैर-जमानती वारंट (NBW) भी जारी था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने साथियों के साथ ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचा था और मौका पाकर जेवर चोरी कर फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2025 को मानसरोवर सेक्टर-ओ, न्यू गुड़ौरा निवासी राजेश वाजपेयी ने बिजनौर थाने में महाकाल ज्वैलर्स में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि तीन लोग ग्राहक बनकर दुकान पर सोने के गहने खरीदने आए थे। कुछ जेवर खरीदने के बाद उन्होंने मौका पाकर दुकान से अन्य आभूषण चोरी कर लिए और वहां से फरार हो गए।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने रिंकी शुक्ला, ऋषि शुक्ला और शमी जोशी के नाम सामने आने की बात कही। पुलिस के मुताबिक रिंकी और ऋषि को पहले ही शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, हरदोई के बेनीगंज थाना क्षेत्र निवासी शमी जोशी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था। उसके खिलाफ एसीजेएम द्वितीय, लखनऊ की अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार 18 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर शमी जोशी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने साथियों के साथ ग्राहक बनकर ज्वैलरी शॉप से जेवर चोरी करने और बाद में उन्हें कम कीमत पर बेचकर रकम आपस में बांटने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई करते हुए बुधवार को उसे जेल भेज दिया।





















