लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र के बिजनौर थाना इलाके में 14 वर्षीय नाबालिग से दुराचार के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 40 वर्षीय लल्लन बसोर के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पिता ने 5 अक्टूबर को आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता मूल रूप से मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले का निवासी है और वर्तमान में बिजनौर थाना क्षेत्र में रहता है। आरोप है कि इसी क्षेत्र में रहने वाले लल्लन बसोर ने उसकी 14 वर्षीय बेटी के साथ दुराचार किया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के निर्देश पर दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।





















