लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र के बिजनौर बाजार में एटीएम कार्ड फंसने के बाद मदद के बहाने टप्पेबाजी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने एक व्यक्ति को बातों में उलझाकर उसके बैंक खाते से रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर बिजनौर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बिजनौर के परवर पूरब निवासी अश्विनी पाल के मुताबिक, 6 अक्टूबर की सुबह करीब 9:30 बजे वह बिजनौर बाजार स्थित नंबर-1 इंडिया के एटीएम बूथ पर बैंक ऑफ इंडिया के कार्ड से रुपये निकालने गए थे। इसी दौरान उनका कार्ड मशीन में फंस गया। आरोप है कि तभी एक युवक मदद के बहाने उनके पास आया, एक कार्ड दिया और उस पर लिखे मोबाइल नंबर पर फोन करने को कहा।
पीड़ित के अनुसार, फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने मैकेनिक के आने में करीब दो घंटे लगने की बात कही। इसी बीच दूसरा युवक वहां पहुंचा और अश्विनी को उनके भाई का पैर टूटने तथा इलाज कराने की बात कहकर एटीएम बूथ से भेज दिया। जब वह वापस लौटे तो दोनों युवक वहां से गायब थे। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर बैंक खाते से रुपये निकाले जाने का संदेश आया।
इसके बाद अश्विनी पाल ने पुलिस से शिकायत की। बिजनौर पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस एटीएम बूथ के सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने और उनका पता लगाने में जुटी है।





















