लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में दोस्त से मिलने गए एक युवक पर कथित तौर पर धारदार हथियार और रॉड से हमला कर दिया गया। हमले में युवक की दाहिनी आंख में चोट आई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों और उनके अन्य साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पृथ्वी सिंह तालकटोरा थाना क्षेत्र के आलमनगर सरिपुरा स्थित आस्था सिटी का निवासी है। उसके मुताबिक, 16 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे वह अपने मित्र ईशान शर्मा के साथ पुष्पेंद्र नगर, बिजनौर में वैभव से मिलने गया था।
पृथ्वी सिंह का आरोप है कि इसी दौरान उसके दोस्त आशिफ का फोन आया और उसने आर्यन कैफे के पास टी पॉइंट एंड बेकर्स के नजदीक सर्विस लेन पर बुलाया। वहां पहुंचने पर आकाश पाल, नियाज अहमद, करण और शिवम समेत कुछ अन्य लोग मौजूद थे। पीड़ित के अनुसार, उसके वहां पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट करने लगे। आरोप है कि नियाज और आकाश ने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर धारदार हथियार और रॉड से हमला किया, जिससे उसकी दाहिनी आंख में चोट लग गई।
पीड़ित ने बताया कि वह किसी तरह अपनी जान बचाकर भागा और अंश स्टेट के पास पहुंचकर वहां मौजूद गार्ड से मदद मांगी। इसके बाद उसने एक निर्माणाधीन मकान के कमरे में खुद को बंद कर लिया, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने दरवाजा तोड़ दिया और उसके साथ फिर मारपीट की। वे उसे पीटते हुए बाहर ले आए। शोर सुनकर स्थानीय लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। पीड़ित के मुताबिक, इसके बाद वह बेहोश हो गया और होश आने पर उसका मोबाइल फोन और सोने की चेन गायब मिली।
घटना के बाद पृथ्वी सिंह ने बिजनौर थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना में शामिल लोगों की भूमिका और पीड़ित के लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।





















