15 दिन की समयसीमा खत्म; आज होगा निरीक्षण
लखनऊ। अलीगंज अग्निकांड से जुड़ी इमारत पर अवैध निर्माण के मामले में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की ओर से दी गई 15 दिन की ध्वस्तीकरण समयसीमा समाप्त होने के बाद अब कार्रवाई तेज होने जा रही है। LDA की टीम आज मौके पर पहुंचकर इमारत का विस्तृत निरीक्षण करेगी।
निरीक्षण के दौरान तकनीकी टीम पूरी इमारत की नाप-जोख कर वास्तविक स्थिति का आकलन करेगी। साथ ही यह सत्यापित किया जाएगा कि भवन स्वामी ने नोटिस के बाद कितना अवैध हिस्सा स्वयं हटाया है और कितना हिस्सा अभी भी शेष है।
LDA अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण के दौरान बचे हुए अवैध निर्माण को भी चिन्हित किया जाएगा। ध्वस्तीकरण की प्रगति पर प्राधिकरण लगातार नजर बनाए हुए है और नियमों के अनुपालन की समीक्षा की जाएगी।
तकनीकी टीम की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यदि निर्धारित समयसीमा के बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाया गया पाया जाता है तो LDA नियमानुसार अगली कार्रवाई कर सकता है।







