10वीं के छात्र समेत तीन गिरफ्तार
गोरखपुर। जिले में एक सनसनीखेज वारदात में 70 वर्षीय सराफा कारोबारी की कथित तौर पर उधार के रुपये लौटाने से बचने के लिए हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय छात्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर कारोबारी की चाकू से हत्या की और शव को राप्ती नदी में फेंक दिया। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, बांसगांव क्षेत्र के धस्का भटास निवासी रामलाल वर्मा कटरा मलांव में सोने-चांदी की दुकान चलाते थे। आरोपी छात्र प्रिंस का उनसे पुराना परिचय था और उसने कारोबारी से करीब एक लाख रुपये उधार लिए थे। पुलिस का दावा है कि रुपये वापस न करने पड़ें, इसलिए उसने हत्या की साजिश रची।
बुधवार सुबह आरोपी ने कारोबारी को दुकान तक छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठाया। रास्ते में अपने ममेरे भाई अंशू (18) को भी साथ लिया और भगवान राम के दर्शन कराने के बहाने सुनसान स्थान पर स्थित मंदिर की ओर ले गया। वहां पहले से मौजूद अन्य साथियों के साथ मिलकर आरोपियों ने कारोबारी पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, अंशू ने कारोबारी के दोनों हाथ पकड़ लिए, जबकि प्रिंस ने उनकी गर्दन पर चाकू से कई वार किए। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को करीब 500 मीटर तक घसीटकर राप्ती नदी में फेंक दिया और फरार हो गए।
बाद में ग्रामीणों ने नदी में शव उतराता देखा और पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी कारोबारी को बाइक पर बैठाकर ले जाता दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने प्रिंस, अंशू और एक किशोर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।







