45 मिनट में पाया गया काबू
जानकीपुरम सेक्टर-एफ स्थित कार्यालय में आग से अधिकांश सामान जलकर राख, दमकल की त्वरित कार्रवाई से टली बड़ी दुर्घटना।
लखनऊ। राजधानी के जानकीपुरम सेक्टर-एफ स्थित एक फार्मास्युटिकल कंपनी के कॉरपोरेट ऑफिस में गुरुवार सुबह एसी में शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में पूरे कार्यालय को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से करीब 45 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार्यालय का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी बीकेटी प्रशांत कुमार के अनुसार सुबह 9:34 बजे बी-2/22, सेक्टर-एफ, इंजीनियरिंग कॉलेज के पास स्थित भवन में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एफएसओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में दो फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। आग भवन के भूतल पर लगी थी। दमकल कर्मियों ने कार्यालय के मुख्य गेट का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
कार्यालय संचालिका नीलम महरोत्रा ने बताया कि उनकी फार्मास्युटिकल कंपनी अकॉस्ट्स रेमेडीज का मुख्य कार्यालय और गोदाम ट्रांसपोर्ट नगर में है, जबकि जानकीपुरम स्थित कार्यालय नीलम इंटरप्राइजेज के नाम से संचालित होता है। सुबह सफाईकर्मी खुशबू ने कार्यालय पहुंचकर एसी चालू किया। इसी दौरान तेज आवाज के साथ एसी से धुआं निकलने लगा। खुशबू तुरंत बाहर निकल गई और नीलम को घटना की जानकारी दी। इसके बाद बिजली की एमसीबी बंद कर दमकल विभाग को सूचना दी गई।
दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे आग आसपास की इमारतों तक नहीं फैल सकी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।




















