परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
निमंत्रण से लौटते समय सांड ने किया था हमला, सीने में गंभीर चोट लगने के बाद अस्पताल में चल रहा था उपचार।
बाराबंकी। जिले के विकासखंड पूरेडलई की टिकैतनगर कोतवाली क्षेत्र के मंझेला गांव निवासी 36 वर्षीय आदेश कुमार यादव की आवारा सांड के हमले में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
परिजनों के अनुसार, आदेश कुमार यादव शनिवार को ककरहा गांव में एक निमंत्रण समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में एक आवारा सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। सांड के सींग उनके सीने में लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टिकैतनगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कई दिनों तक उपचार चलने के बाद बुधवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मृतक आदेश कुमार यादव अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। परिवार में उनकी पत्नी नीलम (35 वर्ष), बेटा अमर सिंह (11 वर्ष), बेटी वर्षा यादव (4 वर्ष) तथा मां रमकला हैं। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।
घटना के बाद मंझेला गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ते आवारा पशुओं के आतंक पर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।







