लखनऊ के सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड-18 स्थित हरिओम नगर कॉलोनी में सड़क और नाली निर्माण कार्य का मंगलवार को शिलान्यास किया गया। करीब 50 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य की शुरुआत पार्षद रामनरेश रावत एडवोकेट ने की। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की निधि से संतोष के घर से अलीनगर सुनहरा गांव रेलवे अंडरपास के मुख्य मार्ग तक लगभग 500 मीटर लंबी डामर सड़क और नाले का निर्माण कराया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से धूप-दीप पूजन के साथ हुई। इसके बाद भाजपा मंडल मंत्री अभय द्विवेदी और प्रीतम सिंह ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर पार्षद रामनरेश रावत ने बताया कि विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह और महापौर सुषमा खर्कवाल के सहयोग से यह विकास कार्य कराया जा रहा है।
पार्षद के मुताबिक, कॉलोनी की सड़क कच्ची और जर्जर होने के कारण स्थानीय लोगों को लंबे समय से परेशानी उठानी पड़ रही थी। घरों से निकलने वाला गंदा पानी रास्ते में भर जाता था, जिससे जलभराव की समस्या बनी रहती थी। सड़क और नाली का निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को आवागमन में होने वाली दिक्कतों से राहत मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में कुलदीप कुमार, उमाशंकर वर्मा, संतोष देवी, मंजरी शुक्ला, जयराम यादव, ममता और अनुज दुबे समेत कॉलोनी के कई महिला-पुरुष, स्थानीय निवासी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य पूरा होने से सड़क की स्थिति सुधरेगी और जलनिकासी की समस्या का समाधान होगा।





















