लखनऊ के सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड स्थित रूस्तम बिहार कॉलोनी में सड़क और नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। पार्षद रामनरेश रावत ने कॉलोनी चौराहे पर पार्षद निधि से होने वाले इस कार्य का शुभारंभ किया। निर्माण कार्य बाबा जर्नल स्टोर से देशी शराब की दुकान तक कराया जाएगा।
पार्षद रामनरेश रावत के अनुसार, प्रस्तावित सड़क की लंबाई 80 मीटर और चौड़ाई छह मीटर होगी। सड़क के साथ नाली का भी निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 12 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे कॉलोनी के लोगों को आवागमन और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
पार्षद ने कहा कि विधायक राजेश्वर सिंह और महापौर सुषमा खर्कवाल के सहयोग और आशीर्वाद से निर्माण कार्य संभव हो सका है। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। दीना नाथ ओझा और फूल चंद्र गौतम ने नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ कराया।
इस अवसर पर फूल चंद्र गौतम, दीना नाथ ओझा, जयराम यादव, राजा, बिल्लू खान, राजीव सिंह, गोपाल, प्रिंस और मनीष सहित भाजपा कार्यकर्ता तथा कॉलोनी के कई महिला-पुरुष मौजूद रहे। स्थानीय लोगों की मौजूदगी में निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।





















