Rape accused arrested in Lucknow: बिजनौर पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी युवक को बुधवार को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, बिजनौर थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती ने 3 अगस्त 2026 को थाने में तहरीर देकर कंकड़ कुआं, दुर्गापुरी कॉलोनी, सीआरपीएफ चौराहा निवासी अन्नू यादव पुत्र श्याम सिंह यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। युवती ने आरोप लगाया था कि अन्नू यादव ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब उसने शादी के लिए कहा तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देश पर दो टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
बुधवार को पुलिस टीम ने आरोपी अन्नू यादव को थाना क्षेत्र में किसान पथ स्थित नटकुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2023 में पीड़िता के संपर्क में आया था और शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद बुधवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
रिपोर्ट: सुरेंद्र यादव






















