लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर रविवार को दो पक्षों के बीच मारपीट और गाली-गलौज हो गई। मामले में दरोगा खेड़ा स्थित राम विहार कॉलोनी निवासी रवि सिंह और दूसरे पक्ष के मान सिंह यादव ने एक-दूसरे के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रवि सिंह का आरोप है कि मोहल्ले के मान सिंह यादव पिछले कई दिनों से उसके साथ गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी दे रहे थे। रवि के मुताबिक, 4 अक्टूबर को मान सिंह ने उसके साथ मारपीट और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उसका कहना है कि वह जान बचाकर घर की ओर भागा तो मान सिंह अपने बेटों के साथ उसके घर पहुंच गए और वहां भी उसके साथ मारपीट की। रवि ने परिवार को भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
वहीं, दूसरे पक्ष के मान सिंह यादव ने रवि सिंह पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 4 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे वह घरेलू सामान खरीदने के लिए पास की गुप्ता की दुकान पर गए थे। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर रवि ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मान सिंह का आरोप है कि विरोध करने पर रवि ने उनके साथ मारपीट की।
फिलहाल सरोजनीनगर पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों के आरोपों की भी पुलिस स्तर से पड़ताल की जा रही है।





















