सरोजनीनगर, लखनऊ। कानपुर रोड स्थित चुंगी तिराहे पर बुधवार दोपहर सड़क पार करने के लिए खड़ी एक अधेड़ महिला का पर्स छीनकर युवक फरार होने लगा। महिला के हाथ से पर्स छीनकर ट्रांसपोर्ट नगर की ओर भाग रहे युवक को मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। आरोपी के पास से पर्स और उसमें रखे करीब ढाई हजार रुपये बरामद कर महिला को सौंप दिए गए। बाद में आरोपी को सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल प्रद्युम्न सिंह के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब एक बजे वह अपने साथियों आरक्षी करन सरोज, होमगार्ड ध्यानचंद तिवारी और बृजमोहन यादव के साथ चुंगी तिराहे पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान करीब 24 वर्षीय एक युवक महिला का पर्स छीनकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे देख लिया और पीछा करते हुए करीब 150 मीटर दूर दबोच लिया। इसके बाद ट्रांसपोर्ट नगर चौकी पुलिस को सूचना देकर आरोपी को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
पीड़ित महिला की पहचान कृष्णानगर निवासी 56 वर्षीय रीना मिश्रा, पत्नी स्वर्गीय प्रदीप मिश्रा के रूप में हुई है। वह चुंगी तिराहे के पास स्थित एक डेंटल क्लीनिक में दवा लेने गई थीं। वहां से लौटने के बाद घर जाने के लिए सड़क पार करने के इंतजार में खड़ी थीं, तभी युवक ने उनके हाथ से पर्स छीन लिया। घटना के बाद महिला को उनका पर्स और रुपये वापस मिल गए।
मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ट्रांसपोर्ट नगर चौकी प्रभारी किसी अन्य घटना के खुलासे की तैयारी में थे, जिसके चलते इस मामले की जानकारी सामने नहीं आ पा रही थी। हालांकि, मीडिया को घटना की जानकारी मिलने और पत्रकारों के संपर्क करने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।





















