लखनऊ। राजधानी के महानगर थाना क्षेत्र स्थित शालीमार गैलेंट अपार्टमेंट में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। भवन की सातवीं मंजिल पर प्लास्टर का कार्य कर रहे चार मजदूर पाइप टूटने के कारण नीचे गिरकर घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई।
घटना की जानकारी मिलने पर महानगर पुलिस, तहसीलदार सदर जय प्रकाश तथा मल्टी डिजास्टर रिस्पॉन्स व्हीकल (एमडीआरवी) रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तहसीलदार सदर जय प्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण प्लास्टर कार्य के दौरान पाइप का टूटना सामने आया है। फिलहाल चार मजदूरों के घायल होने की पुष्टि हुई है।
वहीं, एफएसओ हजरतगंज रामकुमार रावत ने बताया कि सातवीं मंजिल पर प्लास्टर का काम चल रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब तक किसी मजदूर की मौत की पुष्टि नहीं हुई है और सभी घायलों का इलाज जारी है।
प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह भी देखा जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।







