पीडीडीयू नगर(चंदौली)। ईस्ट सेंट्रल रेलवे मेंस कांग्रेस पीडीडीयू मंडल की ओर से नगर के डीआरएम ऑफिस के समीप यूनियन कार्यालय परिसर में समारोह आयोजित हुई। इसमें नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमेन (एनएफआईआर) की विभिन्न राष्ट्रीय समितियों में मनोनीत पदाधिकारियों का सम्मानित किया गया। समारोह में संगठन के पदाधिकारियों ने इसे पूर्व मध्य रेलवे और संगठन के लिए गौरव का विषय बताते हुए कर्मचारियों के हितों के लिए और मजबूती से कार्य करने का संकल्प दोहराया।
समारोह के मुख्य अतिथि ईसीआरएमसी के महामंत्री एनएफआईआर के सहायक महामंत्री एवं रेलवे बोर्ड की डीसी-जेसीएम के सदस्य पीएस चतुर्वेदी ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलना उनकी निष्ठा और सक्रियता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मनोनीत पदाधिकारी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी प्रतिबद्धता से करेंगे और रेल कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से राष्ट्रीय स्तर पर उठाएंगे।
विशिष्ट अतिथि ईसीआरएमसी के अध्यक्ष एवं एनएफआईआर के जोनल महासचिव बीपी सिंह ने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तियों का नहीं, बल्कि पूरे संगठन की सक्रियता, संघर्ष और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने सभी मनोनीत सदस्यों को बधाई देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। समारोह में दिनेश कुमार को लोको इंस्पेक्टर्स कोऑर्डिनेशन कमेटी, संदेश कुमार को रनिंग स्टाफ कोऑर्डिनेशन कमेटी, प्रकाश कुमार तिवारी को पी-वे स्टाफ कोऑर्डिनेशन कमेटी, रविशंकर यादव को एनएफआईआर यंग वर्कर्स रिप्रेजेंटेटिव, जगदीश सिंह को एक्स-सर्विसमैन वेलफेयर सेल तथा उपेंद्र कुमार को एस एंड टी कोऑर्डिनेशन कमेटी का सदस्य मनोनीत किए जाने पर सम्मानित किया गया। समारोह के अंत में सभी ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने और कर्मचारियों के हितों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। अध्यक्षता ईसीआरएमसी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं एनएफआईआर की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य मिथिलेश कुमार सिंह ने किया जबकि संचालन केंद्रीय संयुक्त महामंत्री एवं राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य दिनेश तिवारी ने और धन्यवाद ज्ञापन सहायक महामंत्री रमेश सिंह ने दिया।







