अहमदाबाद एयरपोर्ट पर आमने-सामने आए एयर इंडिया और इंडिगो के विमान
नई दिल्ली/अहमदाबाद। गुजरात के अहमादाबाद हवाई अड्डे पर बुधवार शाम एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब टैक्सीवे पर एयर इंडिया का एक विमान गलत दिशा में मुड़कर उड़ान भरने की तैयारी कर रहे इंडिगो के विमान के सामने आ गया। हालांकि सतर्कता बरतते हुए दोनों विमानों को सुरक्षित दूरी पर रोक दिया गया और किसी यात्री या चालक दल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
सूत्रों के अनुसार, मुंबई से अहमदाबाद पहुंची Air India की फ्लाइट AI-2493 लैंडिंग के बाद पार्किंग बे की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान विमान निर्धारित मार्ग से भटककर गलत दिशा में मुड़ गया और उसी टैक्सीवे पर पहुंच गया, जहां अहमदाबाद से मुंबई जाने वाली IndiGo की फ्लाइट 6E-5160 उड़ान भरने के लिए टैक्सी कर रही थी। दोनों विमानों के बीच करीब 200 मीटर की दूरी रह गई।
एयर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि 24 जून को संचालित उसकी फ्लाइट AI-2493 टैक्सी करते समय अनजाने में गलत दिशा में मुड़ गई थी। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं हुआ। बाद में विमान को टो कर निर्धारित पार्किंग बे तक पहुंचाया गया। मामले की सूचना नियामक अधिकारियों को दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
इंडिगो ने भी बयान जारी कर कहा कि उसकी फ्लाइट 6E-5160 को टैक्सी करते समय कुछ देर के लिए रोका गया था, क्योंकि दूसरी एयरलाइन का विमान गलती से उसके मार्ग में आ गया था। दोनों विमान सुरक्षित दूरी पर रुक गए और एयर इंडिया के विमान को हटाए जाने के बाद इंडिगो की उड़ान सुरक्षित रूप से मुंबई के लिए रवाना हुई।
बताया गया है कि दोनों विमान A320 श्रेणी के नैरो-बॉडी एयरक्राफ्ट थे। घटना के बाद विमानन सुरक्षा मानकों के तहत विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।








