56 मुकदमों में जब्त 498 लीटर अवैध शराब नष्ट
मथुरा | रोहित कुमार की खास रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश शासन और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर नशा मुक्त समाज के लक्ष्य को लेकर जनपद मथुरा में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ अभियान के तहत शनिवार को थाना बलदेव में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान विभिन्न मामलों में जब्त करीब 498 लीटर अवैध देशी शराब का नियमानुसार विनिष्टीकरण (नष्ट) किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी महावन के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई संपन्न हुई।
यह कार्रवाई सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/त्वरित न्यायालय एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट, मथुरा द्वारा 16 जुलाई 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में की गई। थाना बलदेव में दर्ज 56 अभियोगों में जब्त लगभग 498 लीटर अवैध देशी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹2.50 लाख है, को विधिक प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।
कार्रवाई के दौरान एपीओ अंजनी नंदन शरण पांडेय, न्यायालय के लिपिक दिनेश कुमार, आबकारी निरीक्षक शिखा ठाकुर, थाना प्रभारी अभय कुमार शर्मा, एचएम आदेश कुमार सहित पुलिस, न्यायालय एवं आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘ऑपरेशन दहन’ का उद्देश्य अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है। मथुरा पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







