मथुरा। थाना जैंत पुलिस ने सुनरख क्षेत्र में हुई करीब 2.90 करोड़ रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.60 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है, जिसमें 2 करोड़ रुपये नकद के अलावा चोरी की रकम से खरीदी गई कार, आभूषण, मोबाइल फोन और अन्य सामान शामिल है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर 14 जुलाई की तड़के करीब 2:30 बजे सुनरख रोड से एनएच-19 की ओर जाने वाले मार्ग पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजन (फरीदाबाद), आलोक (कुशीनगर), प्रेम सागर और हीरेन (सूरत) के रूप में हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि गुजरात निवासी राकेश प्रजापति वृंदावन में रहकर भक्ति कर रहे थे। उन्होंने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी अपने फ्लैट में रखी हुई थी। आरोपियों ने पहले उनसे संपर्क कर विश्वास जीता और फिर योजना के तहत एक आरोपी उन्हें प्लॉट दिखाने के बहाने बाहर ले गया। इसी दौरान अन्य आरोपियों ने फ्लैट का ताला तोड़कर अलमारी और दीवान में रखे 2.90 करोड़ रुपये चोरी कर लिए।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपियों ने पीड़ित को शिकायत न करने के लिए डराने-धमकाने का भी प्रयास किया। बाद में पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 करोड़ रुपये नकद, एक वोक्सवैगन वर्टस कार, घटना में प्रयुक्त टाटा पंच कार, सोने-चांदी के आभूषण, ब्रांडेड घड़ियां, कपड़े, जूते, चार मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया।
इस मामले के खुलासे के लिए थाना जैंत पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। थानाध्यक्ष सोनू कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।








