दमकल की गाड़ियों का पानी जल्दी खत्म होने से बढ़ी मुश्किलें, पोर्टेबल हाई प्रेशर पंप भी मौके पर नहीं दे सका साथ
बाराबंकी। शहर के लखपेड़ाबाग चौराहे स्थित जय दुर्गा ऑटोमोबाइल्स की दुकान में शनिवार को कथित तौर पर शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे दुकान में रखा बाइक स्पेयर पार्ट्स, लुब्रिकेंट और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुरुआती कार्रवाई के दौरान दमकल की दोनों गाड़ियों का पानी करीब 10 मिनट में समाप्त हो गया, जिससे आग पर तत्काल काबू पाने में देरी हुई और लपटें तेजी से फैलती रहीं।
दुकान मालिक सुशील कुमार गुप्ता और स्थानीय व्यापारियों ने फायर ब्रिगेड की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पर्याप्त पानी और संसाधन उपलब्ध होते तो नुकसान काफी कम हो सकता था।
करीब 20 से 25 मिनट बाद दमकल की गाड़ियां दोबारा पानी लेकर मौके पर पहुंचीं। इस बीच नाले और अन्य जलस्रोतों से पानी खींचने के लिए फायर विभाग का पोर्टेबल हाई प्रेशर पंप भी लाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पंप में पेट्रोल डालकर कई बार स्टार्ट करने की कोशिश की गई, लेकिन वह तुरंत चालू नहीं हुआ। बाद में मशीन चालू होने पर भी पर्याप्त प्रेशर नहीं बन सका, जिससे उसका प्रभावी उपयोग नहीं हो पाया। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।
काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। अग्निशमन विभाग का कहना है कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, नुकसान का अंतिम आकलन और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच अभी जारी है।







