429 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 2.658 किमी लंबे फ्लाईओवर से लखनऊ-वाराणसी मार्ग होगा सुगम, जाम से मिलेगी राहत
गोरखपुर। गोरक्षनगरी का पहला सिक्सलेन फ्लाईओवर बनकर तैयार हो गया है। टीपीनगर-देवरिया सिक्सलेन फ्लाईओवर का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जुलाई को करेंगे। उद्घाटन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 22 जुलाई को शाम करीब चार बजे फ्लाईओवर का लोकार्पण कर जनता को इसकी सौगात देंगे। इसके बाद इस फ्लाईओवर पर वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा।
टीपीनगर-देवरिया सिक्सलेन फ्लाईओवर के चालू होने से लखनऊ, वाराणसी, देवरिया और अन्य शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही रूस्तमपुर, महेवा फल मंडी और टीपीनगर क्षेत्र में लंबे समय से लगने वाले जाम की समस्या में भी काफी कमी आने की उम्मीद है।
करीब 2,658 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर के निर्माण पर 429 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। फ्लाईओवर को देवरिया बाईपास फोरलेन से जोड़ने का कार्य भी पूरा कर लिया गया है।
उद्घाटन से पहले फ्लाईओवर पर स्ट्रीट लाइटें लगाई जा चुकी हैं। एप्रोच रोड पर रंगाई-पुताई और फिनिशिंग का अंतिम कार्य चल रहा है। इसके अलावा यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्पीड लिमिट और अन्य आवश्यक संकेतक बोर्ड भी लगाए जा चुके हैं।
प्रशासन का मानना है कि फ्लाईओवर शुरू होने के बाद शहर में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों का समय तथा ईंधन दोनों की बचत होगी।







