दिलीप सिंह अलीगंज एटा
अलीगंज। कस्बे के टॉकीज रोड स्थित एक मकान में गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से एक कार, एक थ्री-व्हीलर, दो मोटरसाइकिलें, एक इलेक्ट्रिक स्कूटर तथा अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि फायर सर्विस की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
फायर स्टेशन अलीगंज को सुबह करीब 7 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन अलीगंज से अग्निशमन दल मोटर फायर इंजन के साथ मौके पर पहुंचा। टॉकीज रोड स्थित चमन मियां पुत्र जरूर खान के मकान में लगी आग को बुझाने के लिए टीम ने तत्काल अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
आग की चपेट में आकर एक कार, एक थ्री-व्हीलर, दो मोटरसाइकिलें और एक इलेक्ट्रिक स्कूटर क्षतिग्रस्त हो गए। फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए जांच की जा रही है। वहीं, आग से हुए नुकसान का आकलन भी संबंधित विभाग द्वारा कराया जा रहा है।








