बाराबंकी। तहसील क्षेत्र में गुरुवार सुबह से रुक-रुक कर हुई बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत दिलाई। बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया और तापमान में गिरावट आने से लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, समय पर हुई वर्षा से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं।
काफी दिनों से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों का कहना है कि वर्षा से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे धान की रोपाई का कार्य तेज हो गया है। किसानों के अनुसार, खरीफ फसलों के लिए यह बारिश बेहद लाभदायक साबित होगी।
बारिश के बाद क्षेत्र के अधिकांश गांवों में किसान पूरे उत्साह के साथ खेतों में उतर गए और धान की रोपाई शुरू कर दी। किसान रामस्वरूप पाठक, राघवेंद्र प्रताप सिंह, अमित वर्मा, नीरज कुमार वर्मा और राजकरन यादव ने बताया कि बारिश के बाद खेत रोपाई के लिए पूरी तरह तैयार हो गए हैं।
किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी मौसम का यही रुख बना रहा तो इस वर्ष धान की अच्छी पैदावार होने की पूरी उम्मीद है। समय पर हुई बारिश से कृषि कार्यों में तेजी आई है और ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।








