पूरी ₹25 लाख की नकदी, बैग और वारदात में प्रयुक्त GIXXER-250 बाइक बरामद, कार खराब होने का झांसा देकर की थी टप्पेबाजी
मथुरा। थाना हाईवे पुलिस ने 25 लाख रुपये की टप्पेबाजी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दिल्ली के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पूरी ₹25 लाख की नकदी, घटना में प्रयुक्त बैग तथा GIXXER-250 मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को वादी का कर्मचारी कार (UP 85 BY 0740) से ₹25 लाख लेकर गोविंद नगर जा रहा था। रास्ते में CIMS हॉस्पिटल के पास बाइक सवार दो युवकों ने कार को ओवरटेक कर चालक को वाहन खराब होने का इशारा किया। चालक जैसे ही कार से उतरकर बोनट देखने लगा, बदमाश कार में रखा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
घटना के संबंध में थाना हाईवे पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 27 जुलाई 2026 की रात करीब 11:55 बजे सलेमपुर पाली खेड़ा रोड से आरोपी अक्षय पुत्र मारमुत्तु, निवासी मदनगीर, थाना अंबेडकर नगर, दक्षिण दिल्ली, उम्र करीब 24 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि कार चालक को वाहन खराब होने का झांसा देकर मौका मिलते ही रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹25 लाख की पूरी नकदी, एक बैग तथा वारदात में प्रयुक्त GIXXER-250 मोटरसाइकिल (DL 3S FA 6427) बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 318(4) और 317(2) की भी बढ़ोतरी की गई है।
इस कार्रवाई में थाना हाईवे पुलिस के साथ साइबर सेल, सर्विलांस सेल, स्वाट टीम (SWAT), एसओजी तथा अन्य पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।







