वांछित आरोपी गिरफ्तार
मथुरा। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने लूट के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया सैमसंग गैलेक्सी F55 5G मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 27 वर्षीय सूरज पुत्र हुकुम सिंह, निवासी केशव कुंज कॉलोनी, गणेशरा रोड, थाना हाईवे, मथुरा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को के.आर. इंटर कॉलेज के पास स्थित खाली प्लॉट के गेट के सामने से दबोचा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से लूटा गया Samsung Galaxy F55 5G मोबाइल फोन बरामद हुआ। यह मोबाइल थाना कोतवाली नगर में दर्ज लूट के मुकदमे से संबंधित बताया गया है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि जिले में लूट, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





















