मथुरा। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 32 इंच की एलईडी टीवी और 1,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय सोहिल पुत्र भूरा, निवासी दरेसी रोड, मनोहरपुरा कट्टी खाना, थाना गोविंदनगर को अलवर-बाजना पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से चोरी की एलईडी टीवी और चोरी किए गए मोबाइल फोन को बेचने के बाद बचे 1,000 रुपये बरामद हुए।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। पूछताछ के दौरान उससे अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







