गौरीगंज (अमेठी)। जामो थाना क्षेत्र के हरगांव स्थित दृष्टि फार्मा मेडिकल स्टोर जांच के घेरे में आ गया है। आरोप है कि ड्रग इंस्पेक्टर (डीआई) के निरीक्षण और कथित निर्देश के बावजूद मेडिकल स्टोर शाम के समय खुला रहा तथा वहां दवाओं की बिक्री जारी रही।
जानकारी के अनुसार, हरगांव के पूरे गोपी तिवारी निवासी सौरभ दुबे द्वारा संचालित दृष्टि फार्मा के खिलाफ आईजीआरएस पोर्टल पर अनियमितताओं की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर गुरुवार को ड्रग इंस्पेक्टर ने मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पांच प्रकार की दवाओं के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। सूत्रों के अनुसार, इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। आरोप है कि निरीक्षण के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर ने मेडिकल स्टोर बंद रखने का निर्देश दिया था, लेकिन इसके बावजूद शाम को दुकान खुली मिली और वहां दवाओं की बिक्री होती रही। हालांकि, इस संबंध में विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अब लोगों की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही दवाओं की गुणवत्ता और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। साथ ही यह भी स्पष्ट होगा कि यदि जांच अधिकारी के निर्देशों का उल्लंघन हुआ है तो विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
मेडिकल स्टोर संचालक का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।







