झांसी में ‘रेड रन मैराथन’ का आयोजन
झांसी। उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी, लखनऊ के निर्देशानुसार युवा उत्सव कार्यक्रम के तहत झांसी में युवाओं को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘रेड रन मैराथन’ का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 17 से 25 वर्ष आयु वर्ग के स्नातक एवं स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मैराथन का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने हरी झंडी दिखाकर किया। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. यू.एन. सिंह के मार्गदर्शन में मैराथन किला झांसी के मुख्य द्वार से शुरू होकर मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में संपन्न हुई।
समापन समारोह में विजेता प्रतिभागियों को मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला क्षय रोग अधिकारी ने सम्मानित किया। पुरुष वर्ग में राहुल पटेल प्रथम, सम्राट द्वितीय और संदीप यादव तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में ऋषिका वर्मा प्रथम, दामिनी द्वितीय तथा अंशिका सैनी तृतीय स्थान पर रहीं। सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र तथा प्रत्येक वर्ग के एक प्रतिभागी को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने युवाओं से एचआईवी/एड्स जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का आह्वान किया। वहीं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. यू.एन. सिंह ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं पर निर्भर है और सही जानकारी एवं जागरूकता के अभाव में वे जोखिम में आ सकते हैं। उन्होंने एचआईवी/एड्स संबंधी सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1097 का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने की अपील की।
कार्यक्रम में भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड, करारी (झांसी) तथा भारत गैस प्लांट, करारी ने प्रतिभागियों को टी-शर्ट एवं कैप उपलब्ध कराकर सहयोग किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग, खेल विभाग, शिक्षा संस्थानों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रूपेश नामदेव ने तथा आभार रितु पाण्डेय ने व्यक्त किया।







