सरोजनीनगर, लखनऊ। महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल देने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत शनिवार को सरोजनीनगर, बिजनौर और बंथरा थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। शारदीय नवरात्रि के सातवें दिन पुलिस टीमों ने महिलाओं को सुरक्षा के उपायों, सरकारी सहायता और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। साथ ही पिंक समाधान दिवस और मिशन शक्ति केंद्रों पर महिलाओं की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का प्रयास किया गया।
सरोजनीनगर थाने में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिला उपनिरीक्षक साधना देवी, सुष्मिता सिंह और महिला कांस्टेबल सुनीता ने महिलाओं को महिला हेल्प डेस्क, पिंक बूथ, पिंक स्कूटी, महिला सुरक्षा केंद्र और यूपी कॉप एप के बारे में बताया। पुलिसकर्मियों ने समझाया कि आपात स्थिति में 112, महिला हेल्पलाइन 1090 व 181 और बच्चों से जुड़ी समस्याओं के लिए 1098 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं, साइबर अपराध का शिकार होने पर 1930 नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई, ताकि समय रहते मदद मिल सके।
उधर, बिजनौर पुलिस ने मकऊ खेड़ा स्थित स्वदेश्वर महादेव मंदिर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक आराधना वर्मा के नेतृत्व में टीम ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न, बाल विवाह और कार्यस्थल पर लैंगिक शोषण जैसी समस्याओं के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान कांस्टेबल मनोज कुमार, हेड महिला कांस्टेबल मनोरमा उपाध्याय, पीआरडी रजनी, महिला कांस्टेबल अमृता व प्रतिभा सहित एंटी रोमियो टीम मौजूद रही। पुलिस टीम ने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए जरूरत पड़ने पर शिकायत करने की अपील की।
इसी क्रम में बंथरा थाने में भी पिंक समाधान दिवस आयोजित किया गया, जहां महिला उपनिरीक्षक नेहा यादव और महिला कांस्टेबल मोनी यादव, रुचि व कविता यादव ने महिलाओं की समस्याएं सुनीं। उन्हें साइबर सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं और सहायता के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। तीनों थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने महिलाओं से अपील की कि उत्पीड़न या किसी भी तरह की परेशानी होने पर वे चुप न रहें, बल्कि बिना झिझक पुलिस से संपर्क करें। जागरूकता अभियान के दौरान पंपलेट भी वितरित किए गए, ताकि महिलाएं जरूरी जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचा सकें।





















