देशभर के विशेषज्ञ चिकित्सक होंगे शामिल
सुल्तानपुर। इंडियन सोसाइटी ऑफ हाइपरटेंशन (आईएसएच) उत्तर प्रदेश चैप्टर एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सुल्तानपुर के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 28 जून, रविवार को स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज, दुबेपुर सुल्तानपुर में हृदय रोग एवं उच्च रक्तचाप विषयक राष्ट्रीय स्तर के सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण चिकित्सा सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से ख्यातिप्राप्त चिकित्सक, हृदय रोग विशेषज्ञ एवं चिकित्सा वैज्ञानिक भाग लेंगे।
सेमिनार के ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेट्री जनपद के सुप्रसिद्ध फिजिशियन एवं हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 12 बजे पीजीआई लखनऊ के निदेशक द्वारा किया जाएगा। सम्मेलन में हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, आधुनिक उपचार पद्धतियों, रोगों की रोकथाम तथा चिकित्सा क्षेत्र में नवीनतम शोधों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि सुल्तानपुर जैसे जनपद में प्रदेश स्तरीय चिकित्सा सम्मेलन का आयोजन होना पूरे जिले के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। इस आयोजन से स्थानीय चिकित्सकों को देश के अग्रणी विशेषज्ञों के अनुभव एवं शोध कार्यों से सीधे जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन की सफलता के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन सुल्तानपुर के सभी चिकित्सकों का सराहनीय सहयोग प्राप्त हो रहा है। जनपद के लगभग सभी प्रमुख चिकित्सक इस सेमिनार में सहभागिता करेंगे तथा चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार एवं अनुभव साझा करेंगे।
आयोजकों के अनुसार यह सेमिनार न केवल चिकित्सकों के ज्ञानवर्धन का माध्यम बनेगा, बल्कि हृदय रोग एवं उच्च रक्तचाप जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सम्मेलन के माध्यम से आधुनिक चिकित्सा विज्ञान की नवीन जानकारियों को जनपद के चिकित्सकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।







