पर्यावरण संरक्षण में निभाएं अपनी जिम्मेदारी: एसपी सिंह
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने की अपील, बोले— हर व्यक्ति कम से कम दो पौधे अवश्य लगाए
बहराइच। भारतीय श्रमिक कामगार कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष एसपी सिंह ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वन महोत्सव मनाया जा रहा है, जिसके माध्यम से लोगों को पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यह अभियान मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने का प्रयास है।
एसपी सिंह ने कहा कि यह विचारणीय विषय है कि जिस प्रकृति पर हमारा जीवन निर्भर है, उसके संरक्षण के लिए भी अभियान चलाने की आवश्यकता पड़ रही है। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि लोग अपनी सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों से दूर होते जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमें शुद्ध ऑक्सीजन, छाया और स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं। ऑक्सीजन जीवन का आधार है, इसके बावजूद हम विकास की अंधी दौड़ में वृक्षों की अनदेखी कर रहे हैं। बड़ी-बड़ी इमारतें तो बन रही हैं, लेकिन उनके अनुपात में हरियाली नहीं बढ़ रही है।
एसपी सिंह ने कहा कि शहरों के पार्कों की स्थिति भी चिंता का विषय है। लोग सुकून और स्वच्छ वातावरण की तलाश में पार्कों तक पहुंचते हैं, लेकिन पर्याप्त हरियाली के अभाव में उन्हें अपेक्षित वातावरण नहीं मिल पाता। इसके लिए केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति भी समान रूप से जिम्मेदार है।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि यदि अधिक पौधे लगाना संभव न हो तो कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम और दूसरा अपने पिता के नाम अवश्य लगाएं। साथ ही इन पौधों की नियमित देखभाल भी करें, ताकि वे बड़े होकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही हरित क्रांति को गति मिलेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।







