लोनीकटरा थाने के तीन सिपाही घायल
दबिश देकर लौटते समय लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर हादसा, दो सिपाहियों की हालत गंभीर; ट्रॉमा सेंटर रेफर
बाराबंकी, 23 जुलाई। बाराबंकी के लखनऊ–सुल्तानपुर हाईवे पर बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के आगे चल रहे ट्रक से टकरा जाने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में लोनीकटरा थाने में तैनात तीन सिपाही घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसा लोनीकटरा थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद पेट्रोल पंप के पास हुआ। स्कॉर्पियो में सवार सिपाही गौरव यादव (32), ज्ञानेन्द्र (35) और जीत सिंह (29) लखनऊ की ओर से दबिश देकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, त्रिवेदीगंज पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल ज्ञानेन्द्र और जीत सिंह को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि गौरव यादव को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
लोनीकटरा थानाध्यक्ष अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि तीनों घायल उनके थाने में तैनात सिपाही हैं और दबिश देकर लौटते समय यह दुर्घटना हुई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।







