गोरखपुर के प्रताप सभागार में होगा आयोजन, संगठन की गतिविधियों और कर्मचारियों के मुद्दों पर होगी चर्चा
गोरखपुर। अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ, गोरखपुर परिक्षेत्र का द्विवार्षिक अधिवेशन रविवार को तारामंडल रोड स्थित प्रताप सभागार (क्षत्रिय संघ परिसर) में आयोजित होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे से होगा, जिसमें प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कई पदाधिकारी शामिल होंगे।
अधिवेशन के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के प्रांतीय मंत्री शैलेन्द्र कुमार दीक्षित होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय संगठन मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक अध्यक्ष प्रमोद राय उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व प्रांतीय मंत्री डॉ. शेष मणि त्रिपाठी तथा पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष राधे श्याम चाँद भी शामिल होकर संगठनात्मक गतिविधियों और डाक कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे।
आयोजकों के अनुसार अधिवेशन में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा, कर्मचारियों के हितों से जुड़े विषयों तथा भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण अधिवेशन के व्यापक प्रचार-प्रसार और कवरेज के लिए इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के पत्रकारों को भी आमंत्रित किया गया है।







