समिट बिल्डिंग पर आधी रात छापा; 100 से अधिक हिरासत में
एडीसीपी क्राइम किरन यादव के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई, कंप्यूटर, सर्वर और डिजिटल उपकरण जब्त; साइबर ठगी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच शुरू
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में साइबर अपराध के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोमती नगर स्थित समिट बिल्डिंग में संचालित एक कथित फर्जी अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। आधी रात की गई इस छापेमारी में 100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मौके से कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन, सर्वर, हार्ड डिस्क समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई एडीसीपी (क्राइम) किरन यादव के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस ने समिट बिल्डिंग को चारों ओर से घेरकर छापेमारी की और मौके से बड़ी संख्या में संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कॉल सेंटर के जरिए विदेशी नागरिकों को तकनीकी सहायता, बैंकिंग और अन्य सेवाओं के नाम पर झांसा देकर साइबर ठगी की जा रही थी। पुलिस को आशंका है कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और इसके तार कई देशों से जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस ने बरामद डिजिटल उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। जांच एजेंसियां गिरोह के सरगनाओं, विदेशी संपर्कों, बैंक खातों, डिजिटल वॉलेट और हवाला के माध्यम से हुए वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल कर रही हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही गिरफ्तारियों, ठगी की कुल रकम और नेटवर्क के पूरे स्वरूप को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
#Lucknow, #CyberCrime, #SummitBuilding, #FakeCallCenter, #KiranYadav, #CrimeBranch, #CyberFraud, #GomtiNagar, #UPPolice, #BreakingNews








