ग्राम प्रधान के भाई की असमय मौत से गांव में मातम
पुरवा-अचलगंज मार्ग पर लोडर से भिड़ी बाइक, दो माह पहले ही छुट्टी पर घर आए थे रमन उर्फ पिंटू यादव
अचलगंज (उन्नाव)। पुरवा-अचलगंज मार्ग पर बुधवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राम प्रधान के छोटे भाई की मौत हो गई। मृतक दो माह पूर्व ही कुवैत से छुट्टी लेकर अपने घर लौटे थे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
टिकरी बैरागर गांव निवासी रमन कुमार उर्फ पिंटू यादव (40), ग्राम प्रधान अखिलेश यादव के छोटे भाई थे। बुधवार रात करीब 8:30 बजे वह पुरवा से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुब्बाखेड़ा गांव के निकट उनकी बाइक सामने से आ रहे लोडर से टकरा गई।
हादसा इतना भीषण था कि रमन गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, रमन कुमार दो माह पहले ही कुवैत से अवकाश लेकर घर आए थे। उनके परिवार में पत्नी आरती और पुत्र अंकित हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद लोडर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







