दो लुटेरे और एक दुकानदार गिरफ्तार
18 दिन बाद भी पूरी बरामदगी और दो आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती
उन्नाव, 27 जून। सराफा व्यापारी भाइयों से 37 लाख रुपये के आभूषण लूटने के मामले में पुलिस ने आंशिक सफलता हासिल करते हुए अंतरजनपदीय गिरोह के दो लुटेरों और एक दुकानदार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि घटना के 18 दिन बाद भी दो आरोपी फरार हैं और लूटे गए शेष माल की बरामदगी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।
गौरतलब है कि 8 जून को सराफा कारोबारी प्रभात सोनी और अतुल सोनी सीसी चौराहा स्थित अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए लगभग 37 लाख रुपये मूल्य के जेवरात लूट लिए थे।
पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल रंजीत के विरुद्ध पहले से करीब 20 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें अधिकांश लूट से संबंधित हैं। उन्होंने इस बात का भी खंडन किया कि गिरोह का कोई सदस्य किसी पैथोलॉजी का प्रबंध निदेशक है। एसपी ने कहा कि आरोपी उतना शिक्षित नहीं है, जितनी चर्चा की जा रही थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह उन सराफा कारोबारियों को निशाना बनाता था, जिनकी दुकानों में तिजोरी की समुचित व्यवस्था नहीं होती थी। बदमाश पहले रेकी करते थे और फिर दुकान से घर जाते समय व्यापारियों से आभूषण लूट लेते थे।
थाना प्रभारी संजीव कुशवाहा ने बताया कि लूट का माल गिरोह के सदस्यों के बीच अलग-अलग हिस्सों में बांटा गया था। ऐसे में गिरफ्तार आरोपियों से सीमित मात्रा में ही माल बरामद होने की संभावना है। पुलिस शेष दो आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस की एक टीम लखनऊ के लिए रवाना की गई है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष आभूषणों की बरामदगी के लिए अभियान जारी है।







