शौचालय निर्माण की धीमी प्रगति पर कार्रवाई,
चन्दौली। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के तहत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने कड़ा रुख अपनाया है। खराब प्रदर्शन करने वाले तीन सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) का जुलाई 2026 का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि ऑनलाइन समीक्षा के दौरान चहनियां, नौगढ़ और नियामताबाद विकास खंडों में लक्ष्य के सापेक्ष शौचालयों की जियो टैगिंग की प्रगति बेहद कम पाई गई, जिससे जनपद की समग्र प्रगति प्रभावित हुई है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में चहनियां विकास खंड में 1098 शौचालयों के लक्ष्य के मुकाबले केवल 132, नौगढ़ में 519 के सापेक्ष 62 और नियामताबाद में 1062 के लक्ष्य के मुकाबले मात्र 93 शौचालयों की जियो टैगिंग की गई।
बताया गया कि संबंधित अधिकारियों को पहले ही अंतिम चेतावनी जारी करते हुए जुलाई के अंत तक कम से कम 35 प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई।
सीडीओ के निर्देश पर राजेश कुमार सिंह (चहनियां), उपेंद्र कुमार साहनी (नौगढ़) और मनोज कुमार सिंह (नियामताबाद), तीनों सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) का जुलाई 2026 का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया गया है।
इसके साथ ही तीनों अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे जुलाई माह के अंत तक हर हाल में 35 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करना सुनिश्चित करें।







