₹62,700 नकद, मोबाइल और बाइक बरामद
चन्दौली। सैयदराजा थाना पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तेज आवाज करने वाली नकली पिस्टल, लूटी गई सोने की चेन बेचकर प्राप्त ₹62,700 नकद तथा एक टच स्क्रीन मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम जेवरियाबाद निवासी रामनेती सिंह ने 13 जुलाई की भोर करीब 3:05 बजे थाना सैयदराजा में तहरीर देकर बताया था कि वह अपने चचेरे भाई गुप्तेश्वर सिंह के साथ बेचन बाबा मंदिर के पास खेत की सिंचाई और जुताई का कार्य करवा रहे थे। दोनों टाटा पंच कार में सो रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पहुंचे और कार का शीशा खटखटाया। शीशा नीचे करते ही आरोपितों ने पिस्टल जैसी वस्तु दिखाकर दोनों को डराया, पिस्टल की बट से हमला किया और गले से सोने की चेन छीन ली। विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट की गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के संबंध में थाना सैयदराजा में मुकदमा संख्या 218/2026 धारा 309(6) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर चंदौली कस्बे के पावर हाउस के पास से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान करन सिंह उर्फ बीरू (23 वर्ष) और अमन सिंह उर्फ शेरू (24 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम भुवालपुर जेवरियाबाद, थाना सैयदराजा, जनपद चन्दौली के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूट में प्रयुक्त यूपी-67 एक्यू-3621 नंबर की मोटरसाइकिल, तेज आवाज करने वाली नकली पिस्टल, लूटी गई चेन बेचकर प्राप्त ₹62,700 नकद तथा एक टच स्क्रीन मोबाइल बरामद किया है।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने लूट की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, वे सो रहे लोगों को निशाना बनाकर लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। जांच के दौरान हुई बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस भी बढ़ाई गई है।
पुलिस के मुताबिक, करन सिंह के विरुद्ध वाराणसी और चन्दौली के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट समेत करीब 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अमन सिंह पर भी डकैती, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट सहित कई मामलों में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद तथा थाना सैयदराजा की पुलिस टीम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपितों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।







