वाराणसी। जौहर यूनिवर्सिटी के समर्थन में सोमवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर में समाजवादी छात्र सभा के बैनर तले छात्र नेताओं ने हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय के अस्तित्व को बनाए रखने और छात्रों के हितों की रक्षा करने की मांग की।
अभियान में शामिल छात्र नेताओं ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी निर्धारित मानकों के अनुरूप स्थापित की गई है, इसलिए उसे ध्वस्त करने जैसी कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए। उनका आरोप था कि सरकार की कार्रवाई से हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो सकता है।
समाजवादी छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष आयुष यादव ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय में कोई कमी थी तो सरकार पिछले नौ वर्षों तक मौन क्यों रही। उन्होंने कहा कि अब अचानक की जा रही कार्रवाई छात्रों के हितों के विपरीत है और इससे उनकी शिक्षा प्रभावित होगी।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एवं समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष विमलेश यादव ने कहा कि शिक्षा संस्थानों को राजनीतिक विवादों से दूर रखा जाना चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय को बचाने तथा छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
हस्ताक्षर अभियान में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेते हुए जौहर यूनिवर्सिटी के समर्थन में अपनी सहमति दर्ज कराई। छात्र नेताओं ने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।







