अमृत उजाला ब्यूरो
पटना। बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बिहार के अगले मुख्यमंत्री होने का रास्ता साफ हो गया है। आज पटना में उनको भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता चुना लिया गया। इस फैसले के साथ ही राज्य की राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला है।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों की बैठक में सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लगाई गई। उनके नेतृत्व को संगठनात्मक अनुभव और राजनीतिक सक्रियता के आधार पर मजबूत माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उनका चयन आगामी राजनीतिक रणनीति को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
सम्राट चौधरी ने नेता चुने जाने के बाद पार्टी नेतृत्व और विधायकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे राज्य के विकास, सुशासन और पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फैसला बिहार में बीजेपी को और मजबूती दे सकता है, खासकर आने वाले चुनावों को देखते हुए।




