सरोजनीनगर, लखनऊ: पैगंबर मोहम्मद साहब के पैदाइश के अवसर पर बुधवार को सरोजनीनगर क्षेत्र में जुलूसे मोहम्मदी धूमधाम और उत्साह के साथ निकाला गया। तिरंगे झंडे के साथ निकले इस जुलूस में आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में बच्चे, बुजुर्ग और नवयुवक शामिल हुए। जुलूस के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
जुलूसे मोहम्मदी की शुरुआत आजादनगर स्थित नूरी मस्जिद से हुई। इसके बाद जुलूस कानपुर रोड, अमौसी मेट्रो स्टेशन, बाग नंबर-3, बाग नंबर-2 और ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मस्जिद के पास पहुंचा, जहां जुलूस का समापन किया गया। समापन के अवसर पर हाफिज नौशाद आलम, मौलाना नईम कादरी, कारी जमील, मौलाना खुर्शीद आलम, कारी जलील, हाफिज अबू सुफियान, हाफिज दानिश राजा और हाफिज शाहजहां समेत अन्य लोगों ने देश में अमन-शांति, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए दुआ की।
जुलूस के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया और मिठाइयां वितरित कीं। चिल्लावां बाजार के पास मो. चांद, मो. फुरकान, आसिफ खान, लुकमान सिद्दीकी, मो. अख्तर खान, जान मोहम्मद और इमरान खान समेत कई लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों को मिठाई बांटी। सरोजनीनगर के अलावा बिजनौर, बंथरा और लतीफनगर क्षेत्र में भी जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस को लेकर स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली और मार्ग पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। शांतिपूर्ण माहौल में जुलूस संपन्न हुआ।




















