लखनऊ। मिशन शक्ति फेज 6.0 अभियान के तहत गुरुवार को सरोजनीनगर पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें महिलाओं और बच्चियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक यशवंत सिंह और महिला उपनिरीक्षक साधना देवी ने महिलाओं को सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 और जनसुनवाई हेल्पलाइन 1076 की जानकारी दी। साथ ही महिला सुरक्षा केंद्र, महिला हेल्प डेस्क और यूपी कॉप एप की उपयोगिता समझाई।
पुलिसकर्मियों ने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन ठगी के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी।
पुलिस ने महिलाओं और बच्चियों से अपील की कि किसी भी तरह की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर वे बिना संकोच पुलिस की मदद लें। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उपलब्ध संसाधनों की जानकारी देना है।





















