दो दर्जन से अधिक घायल, सात की हालत गंभीर
मथुरा। थाना राया क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गांव बिरहना के पास सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से एक स्कूली बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार दो दर्जन से अधिक महिला-पुरुष और दो बच्चे घायल हो गए। इनमें सात लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि स्कूली बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, भरतपुर जिले के डीग क्षेत्र के थाना कुम्हेर अंतर्गत गांव अधईया निवासी लक्ष्मण सिंह अपने परिजनों के साथ थाना राया क्षेत्र के गांव हरदपुर स्थित अपनी भांजी के घर से ट्रैक्टर-ट्रॉली द्वारा लौट रहे थे। इसी दौरान गांव बिरहना के समीप पीछे से आ रही एक स्कूली बस अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
हादसे में करतार सिंह, नरेंद्र सिंह, रजनी, रमीला, अनीता समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह और बिचपुरी चौकी प्रभारी कुशल पाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य में जुट गए।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने स्कूली बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस का कहना है कि फरार बस चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







