52 ताश के पत्ते भी मिले, पुलिस की छापेमारी के दौरान कुछ लोग मौके से फरार
मुगलसराय। थाना मुगलसराय पुलिस ने मंगलवार को जलीलपुर गांव में छापेमारी कर सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे सात लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे और जुए के फड़ से कुल 8640 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम पड़ाव चौराहे पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जलीलपुर गांव में पूरन चंद्र विश्वकर्मा के घर के पीछे रास्ते के किनारे कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से 630 रुपये और जुए के फड़ से 8010 रुपये बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जलीलपुर निवासी शिव कुमार यादव, दिनेश जायसवाल, राजकुमार पासवान, कृष्ण कुमार, डब्लू सिंह, निसार अहमद उर्फ पिंटू और सोनू जायसवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुगलसराय थाने में सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।





















