बहू को बचाने पहुंचे थे बुजुर्ग
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के पिपरदेउरा गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने कथित तौर पर अपने ही पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब बुजुर्ग पिता अपनी बहू को बेटे की मारपीट से बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे थे। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को पिपरदेउरा गांव निवासी शेपनाथ शराब के नशे में घर पहुंचा और किसी घरेलू बात को लेकर पत्नी से विवाद करने लगा। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बहू की चीख-पुकार सुनकर उसके पिता हरिखमन बीच-बचाव के लिए पहुंचे और बेटे को समझाने का प्रयास किया।
आरोप है कि इससे नाराज शेपनाथ ने अपने पिता पर हमला कर दिया। उसने कथित तौर पर उन्हें घर से बाहर खींचकर सड़क पर पटक दिया और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। गंभीर रूप से घायल हरिखमन को परिजन जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक के छोटे बेटे मनोज ने सदर कोतवाली में अपने बड़े भाई शेपनाथ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।








