श्रावस्ती। विकासखंड गिलौला के ग्राम मोहम्मदापुर में बीते दिनों करंट लगने से हुई दो लोगों की मौत के बाद गुरुवार को जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी मृतकों के घर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मृतक वेद प्रकाश पाठक और सचिन मिश्रा के परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और दुख की इस घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया। अधिकारियों ने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना भी की।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिशासी अभियंता विद्युत को घटना की जांच और पूरे मामले का सर्वे कराकर रिपोर्ट उसी दिन शाम तक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव की विद्युत व्यवस्था को भी तत्काल दुरुस्त कराने को कहा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि घटना के लिए जो भी अधिकारी या कर्मचारी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने शोकाकुल परिवारों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार के नियमानुसार परिवार को हर संभव सहायता और देय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मृतक की पत्नी को सांत्वना देते हुए उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वह खुद, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों को संभालें। प्रशासन की ओर से जरूरत के अनुसार हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया गया।
इस दौरान उपजिलाधिकारी रवेंद्र कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत राज नारायण समेत संबंधित अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से गांव की बिजली व्यवस्था की जांच और सुधार के निर्देश दिए जाने के बाद ग्रामीणों को भी व्यवस्था दुरुस्त होने की उम्मीद है।





















