अयोध्या। सेवा सेतु अभियान के तहत केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को बेगमगंज गढ़ैया में लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। नगर निगम की ओर से आयोजित मेले का उद्घाटन महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
मेले में उद्यान, पशुपालन, कृषि, आयुर्वेद एवं यूनानी, परिवहन, बेसिक शिक्षा, समग्र शिक्षा, श्रम एवं सेवायोजन और महिला कल्याण समेत कई विभागों ने स्टाल लगाए। यहां लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दी गई। पेंशन योजना के साथ गृहकर और जलकर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन भी लिए गए। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के लिए पंजीकरण और आवेदन की सुविधा भी लोगों को मौके पर उपलब्ध कराई गई।
लोक कल्याण मेले में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर विशेष कैंप लगाया गया, जहां लोगों को योजना की जानकारी दी गई। श्रम विभाग ने श्रमिकों के पंजीकरण और सेवायोजन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई, जबकि महिला कल्याण विभाग ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के प्रति लोगों को जागरूक किया। आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग की ओर से प्राथमिक उपचार केंद्र के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। नगर निगम के स्टाल पर रेहड़ी-पटरी और प्राथमिक विक्रेताओं के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पाण्डेय ने बताया कि मेले के दौरान चौपाल भी लगाई गई, जिसमें महापौर ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान पार्षद धर्मेंद्र मिश्र, भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि सोनकर, सचिन शरीन, जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी, लालबहादुर निषाद, चेतन गुप्ता, विजय गौतम और स्वप्निल श्रीवास्तव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।





















