श्रावस्ती में आगामी दुर्गा पूजा, महानवमी, दशहरा और अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आठ अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में केंद्रीय शांति समिति की बैठक हुई। डीएम ने सभी जनपदवासियों से त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई नई परंपरा शुरू न की जाए, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दुर्गा पूजा पंडालों और मूर्ति विसर्जन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाए। मूर्ति विसर्जन केवल प्रशासन की ओर से निर्धारित स्थलों पर ही कराया जाए। पूजा पंडालों में अश्लील गाने और डांस पर प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को त्योहारों से पहले बिजली आपूर्ति, सड़कों, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। धार्मिक स्थलों पर क्षमता से अधिक भीड़ एकत्र न होने देने के भी निर्देश दिए गए। वहीं, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने सभी क्षेत्राधिकारियों, थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में मोबाइल पेट्रोलिंग बढ़ाने और छोटी घटनाओं को भी गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों को त्योहारों के दौरान शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय से काम करने को कहा गया। डीएम ने पूर्व के अनुभवों के आधार पर शांति व्यवस्था में बाधा डालने की आशंका वाले लोगों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी ललित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह, विभिन्न उपजिलाधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी निलेश प्रताप सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजय कुमार शर्मा, नगर पालिका भिनगा की अधिशासी अधिकारी डॉ. अनीता शुक्ला समेत शांति समिति के सदस्य और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।





















