श्रावस्ती में वन विभाग की ओर से गंगीय डॉल्फिन और मगरमच्छ समेत अन्य जलीय जीवों के संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। ककरदरी रेंज क्षेत्र में आयोजित इस अभियान के दौरान वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को जलीय जीवों की सुरक्षा और उनके संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अभियान के दौरान ग्रामीणों से अपील की गई कि वे नदियों और जलाशयों में कूड़ा-कचरा एवं प्लास्टिक न डालें, क्योंकि इससे जलीय जीवों के जीवन पर गंभीर खतरा पैदा होता है। साथ ही लोगों को वन्यजीवों को किसी भी प्रकार का नुकसान न पहुंचाने और उनके संरक्षण में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से कहा कि यदि कोई डॉल्फिन, मगरमच्छ या अन्य जलीय जीव संकट में फंसा दिखाई दे तो इसकी तत्काल सूचना वन विभाग को दें। इस दौरान ग्रामीणों को वन विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1926 की भी जानकारी दी गई। जागरूकता अभियान में प्रधान प्रतिनिधि राज कुमार यादव उर्फ राजू भी मौजूद रहे। अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की और जलीय जीवों के संरक्षण एवं पर्यावरण की सुरक्षा में सहयोग करने का संकल्प लिया। वन विभाग ने कहा कि गंगीय डॉल्फिन और मगरमच्छ जैसे जलीय जीव जैव विविधता के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनके संरक्षण के लिए विभाग के साथ-साथ आम लोगों की भागीदारी भी आवश्यक है।






















