इंडो-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए श्रावस्ती पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की ओर से सीमावर्ती इलाकों में लगातार संयुक्त गश्त और निगरानी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में थाना मल्हीपुर पुलिस और SSB की संयुक्त टीम ने इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र के सागर गांव में पेट्रोलिंग की। इस दौरान सीमा क्षेत्र से आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी गई और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच की गई। टीम ने इलाके में होने वाली अन्य संदिग्ध गतिविधियों की भी निगरानी करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस के मुताबिक, संयुक्त पेट्रोलिंग का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण करना और स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। पुलिस और SSB की लगातार संयुक्त गश्त से सीमा क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। श्रावस्ती पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति, गतिविधि या वस्तु को लेकर संदेह हो तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस इकाई या डायल 112 पर दें। पुलिस ने कहा कि समय पर सूचना मिलने से किसी भी संदिग्ध गतिविधि के खिलाफ तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।
रिपोर्ट: मनीष श्रीवास्तव





















