श्रावस्ती में बुधवार, 7 अक्टूबर को जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में जनता दर्शन के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी शिकायतें जिलाधिकारी के सामने रखीं। जनता दर्शन में भूमि कब्जा, राशन और पारिवारिक विवाद समेत कुल 16 शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों में उन्होंने मौके से ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो।
डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समाधान समयबद्ध, पारदर्शी और संतुष्टिपरक तरीके से किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसामान्य की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई कर फरियादियों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।





















